-112 की मदद से घायलों को सीएचसी में कराया गया भर्ती
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
धरहरा(मुंगेर): जिलें के धरहरा थाना क्षेत्र के पचरूखी गांव में शनिवार की सुबह मवेशी को साइड करने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। मवेशी पालक और सीएनजी ऑटो चालक के बीच हुई मारपीट में मवेशी पालक का सिर गंभीर रूप से फूट गया। जबकि सीएनजी चालक को भी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उनका उपचार किया। घटना के संबंध में एक पक्ष के खेवन यादव के पुत्र गुलशन कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह वह अपने मवेशियों को चराने के लिए बहियार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सीएनजी चालक रामबरन यादव और बेंचन यादव ने मवेशियों को सड़क से बगल करने के लिए कहा। गुलशन के अनुसार, उसने मवेशियों को तत्काल साइड कर दिया, लेकिन इसके बावजूद दोनों उसके साथ उलझ गए और मारपीट करने लगे। मारपीट में उसके सिर में गंभीर चोट लगी।
इधर, मामले को लेकर धरहरा पुलिस ने बताया कि एक पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मवेशी को साइड करने के विवाद में भिड़े मवेशी पालक और CNG चालक, दो घायल
