Skip to main content

Birsa Times

तंत्र-मंत्र के आड़ में हैवानियत, बोल नहीं सकी बेटी और लूट ली गई उसकी अस्मत; मुंगेर में तांत्रिक गिरफ्तार

तंत्र-मंत्र के आड़ में हैवानियत, बोल नहीं सकी बेटी और लूट ली गई उसकी अस्मत; मुंगेर में तांत्रिक गिरफ्तार

-बीमारी ठीक करने के नाम पर घर में घुसा, पूजा के बहाने परिजनों को किया बाहर,
-फिर कमरे में की घिनौनी हरकत
-इशारों में मां को बताई आपबीती
रंजीत विधार्थी
मुंगेर :
आस्था और विश्वास के नाम पर एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिले में तंत्र-मंत्र से बीमारी ठीक करने का दावा करने वाले एक व्यक्ति पर मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि ऐसे ढोंगियों पर भरोसा करना अब कितना खतरनाक हो गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपित लंबे समय से तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के माध्यम से बीमारी ठीक करने का दावा करता था। इसी दावे के सहारे वह पीड़िता के घर पहुंचा था। घर वालों को उसने भरोसा दिलाया कि पूजा करने से युवती की परेशानी दूर हो जाएगी। इसी विश्वास में परिजनों ने उसे घर में आने दिया, लेकिन उन्हें क्या पता था कि पूजा के नाम पर वह इतनी बड़ी साजिश रच रहा है।

आरोप है कि आरोपित ने पूजा के लिए कुछ सामग्री मंगवाई। इसके बाद उसने चालाकी से युवती के परिजनों को किसी बहाने घर से बाहर भेज दिया। उसने परिजनों को कमरे में आने से भी साफ मना कर दिया। कहा कि पूजा के दौरान कोई कमरे में नहीं आएगा, नहीं तो पूजा खराब हो जाएगी। परिजन उसकी बातों में आ गए और बाहर इंतजार करने लगे।
इसी दौरान कमरे में अकेली युवती के साथ उसने घिनौनी हरकत की। पीड़िता बोलने में असमर्थ है, इसलिए वह शोर मचाकर किसी को बुला भी नहीं सकी। उसकी बेबसी का फायदा उठाकर आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया और फिर पूजा पूरी होने का नाटक कर वहां से चला गया।
आरोपित के जाने के बाद पीड़िता काफी डरी हुई थी। उसने हिम्मत जुटाई और इशारों के जरिए अपनी मां को आपबीती बताई। बेटी की बात समझते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां ने बिना देर किए थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। वरीय पुलिस पदाधिकारियों की टीम पीड़िता के घर पहुंची। टीम ने पीड़िता और परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की।

थानाध्यक्ष पंकज पासवान ने बताया कि 7 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपित ने पहले भी कहीं इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है।

इधर, घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा है। लोगों की मांग है कि ऐसे आरोपित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो, ताकि कोई भी ढोंगी फिर किसी बेटी की अस्मत के साथ खिलवाड़ न कर सके। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *