गिरिडीह। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित माउंट जिरामो वनस्थली विद्यापीठ (धरगुल्ली) में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के निदेशक सुभाष कुमार गुप्ता ने 9 नवंबर 2026 को बगोदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 3 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय से 11 कंप्यूटर सेट चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर बगोदर थाना कांड संख्या 215/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ई)/331(4) के तहत अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगोदर-सरिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस निरीक्षक, सरिया अंचल के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी की।
इसी दौरान 10 नवंबर की शाम धरगुल्ली क्षेत्र से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी सामान बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश साव (करीब 20 वर्ष), पिता कौलेश्वर साव और योगेंद्र साव (करीब 20 वर्ष), पिता भोला साव के रूप में हुई है। दोनों धरगुल्ली गांव, थाना बगोदर, जिला गिरिडीह के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
- 11 मॉनिटर
- 5 सीपीयू
- 7 कीबोर्ड
- 1 प्रिंटर
- 16 कंप्यूटर कनेक्शन केबल
