कास की झाड़ियों में छिपाकर चलाया जा रहा था अवैध हथियार बनाने का कारखाना, STF और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में पिस्टल, कारतूस और मशीनें बरामद
मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेलवा दियारा में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कास की घनी झाड़ियों के बीच छिपाकर हथियार बनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान एक पूर्णनिर्मित देसी पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गई हैं।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 10 नवंबर 2026 को मुफस्सिल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि भेलवा दियारा में सतन यादव के खेत में लगी कास की झाड़ियों के बीच छिपकर एक व्यक्ति अवैध मिनी गन फैक्ट्री चला रहा है। यहां अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें मुफस्सिल थानाध्यक्ष वीरभद्र सिंह, एसटीएफ के जवान और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी, जवानों ने दबोचा
विशेष टीम ने योजना के तहत भेलवा दियारा पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस बल को अपनी ओर आता देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। हालांकि, सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलीप कुमार, पिता वाल्मीकि सिंह उर्फ राजा जी, निवासी भेलवा दियारा, वार्ड नंबर-15, थाना मुफस्सिल, जिला मुंगेर बताया। पुलिस को देखकर भागने के कारण के संबंध में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
झाड़ियों में छिपा मिला हथियार बनाने का सामान
इसके बाद पुलिस ने आरोपी और आसपास के स्थान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियार निर्माण से जुड़ा सामान बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक पूर्णनिर्मित देसी पिस्टल, दो अर्धनिर्मित मैगजीन, एक लोहे की पूर्णनिर्मित मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक बेस मशीन, एक हैंड ड्रिल मशीन, दो खोखा तथा हथियार बनाने के अन्य उपकरण और सामग्री जब्त की है।
पुलिस ने सभी बरामद सामानों की विधिवत जब्ती सूची तैयार की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच
इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 499/26, दिनांक 11 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं 25(1)(a), 25(1-A), 25(1-AA), 25(1-B)a, 25(1-B)(C), 26(1), 26(II) और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध मिनी गन फैक्ट्री कितने समय से संचालित हो रही थी और इसके तार किन-किन हथियार तस्करों से जुड़े हैं। साथ ही तैयार हथियारों की सप्लाई कहां की जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से दियारा इलाके में अवैध हथियारों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
