Skip to main content

Birsa Times

राहुल दुबे गैंग पर रांची पुलिस का शिकंजा, जेल में बंद अपराधियों से होगी पूछताछ, फरार सदस्यों की तलाश तेज

राहुल दुबे गैंग पर रांची पुलिस का शिकंजा, जेल में बंद अपराधियों से होगी पूछताछ, फरार सदस्यों की तलाश तेज

रांची। राजधानी रांची में रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गिरोह के कई सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस जेल में बंद अपराधियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

एसएसपी ने थाना प्रभारियों से कहा है कि उनके क्षेत्रों से राहुल दुबे गैंग के जिन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाए। पुलिस का मुख्य उद्देश्य गिरोह के सरगना, हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और अपराधियों को आर्थिक मदद पहुंचाने वालों की जानकारी जुटाना है।

हथियार सप्लायर और आर्थिक मददगारों की होगी पहचान

पुलिस पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि गिरोह को हथियार कहां से उपलब्ध कराए जा रहे हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके अलावा रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने के लिए गिरोह को आर्थिक मदद देने वालों की भी पहचान की जाएगी।

पुलिस को उम्मीद है कि जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। इन सुरागों के आधार पर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।

गिरफ्तार अपराधियों को सजा दिलाने की तैयारी

रांची पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने और मामलों का स्पीडी ट्रायल कराने पर भी जोर दिया है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जांच में ठोस साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज की जाए।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ रांची पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाई की है। गिरोह के छह सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ हथियार सप्लायर जियाउल हबीब को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, मैगजीन, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए थे।

अब पुलिस की जांच का दायरा गिरोह के गिरफ्तार सदस्यों से आगे बढ़कर उसके पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी, गोलीबारी और हथियारों की आपूर्ति के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *