संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत सीसीएल द्वारा संचालित राजहरा परियोजना क्षेत्र के तेतरियाखाड़ कोलियरी के समीप पिंडरकोम गांव के विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेरोजगारों डीओ होल्डरों एवं पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रामकुमार यादव ने किया।बैठक में मुख्य रूप से तेतरियाखाड़ कोलियरी के आरसीआर मोड़ से कोयला परिवहन के मुद्दे पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर मांग की कि आरसीआर मोड़ से कोयले की ढुलाई केवल ट्रकों के माध्यम से ही की जाए। हाइवा वाहन के माध्यम से कोयला परिवहन पर ग्रामीणों ने विरोध जताया।बैठक में सर्वसम्मति से विगत 4 नवंबर को पारित प्रस्ताव का पुनः समर्थन किया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट निर्णय लिया कि आरसीआर मोड़ से कोयले का परिवहन सिर्फ ट्रकों से ही होगा तथा हाइवा परिचालन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उपस्थित ग्रामीणों ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई।
आरसीआर मोड़ से कोयला ढुलाई में हाईवा पर रोक की मांग, केवल ट्रकों के परिचालन पर अड़े ग्रामीण
