आदिवासी एक्सप्रेस/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार,(पलामू): नौडीहा बाज़ार प्रखंड के शाहपुर पंचायत अंतर्गत आमवाडीह गांव में सरकारी सिस्टम की लापरवाही साफ देखने को मिल रही है। अनोज पासवान के घर के पास लाखों की लागत से बनी पीसीसी सड़क और नाली शोभा की वस्तु बनी हुई है। नाली में मिट्टी भर जाने और सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई है।
आलम यह है कि पिछले 10 दिनों से बरसात का पानी सड़क पर तालाब की तरह जमा है। यही गंदा पानी अब ग्रामीणों के घरों में घुसने लगा है। घर में पानी घुसने से अनाज, कपड़े और जरूरी सामान खराब हो रहे हैं। चारों तरफ गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
सबसे ज्यादा दुर्दशा छोटे-छोटे स्कूली बच्चों की है। इसी जलजमाव वाले रास्ते से होकर बच्चों को रोज स्कूल जाना पड़ता है। घुटने भर गंदे पानी में कपड़े गंदे कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। कई बार बच्चे फिसल कर गिर भी जाते हैं।
इसको लेकर ग्रामीण अनिल पासवान, जमाल अंसारी, केशवर यादव, शहाबुद्दीन अंसारी, जुनैद आलम ने बताया कि कई बार मुखिया और प्रखंड के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन से जल्द से जल्द नाली की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।
