-थार से पहुंचे चार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
-सीसीटीवी फुटेज वायरल, छानबीन में जुट पुलिस
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के भुईयाडीह तरवनवा गांव के पास सोमवार की सुबह बदमाशों ने चतरा से गया जा रही स्टार फिश यात्री बस को ओवरटेक कर रोक लिया। काले रंग की थार से पहुंचे चार बदमाश बस में सवार हुए और दो यात्रियों से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद बदमाश दोनों यात्रियों को अपने वाहन में बैठाकर सलैया मोड़ के पास उतारकर फरार हो गए।घटना के दौरान बस में सवार अन्य यात्रियों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से दोनों यात्रियों की रेकी की थी। हालांकि, रेकी कहां से और किस तरह की गई, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज वायरल
घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पीड़ित यात्रियों से पूछताछ की। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने मामला की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
