Skip to main content

Birsa Times

गैङा पहाड़ गांव में गोलीबारी की घटना में 12 वर्षीय बच्चे को लगी गोली, पुलिस ने संजय सिंह को किया गिरफ्तार

गैङा पहाड़ गांव में गोलीबारी की घटना में 12 वर्षीय बच्चे को लगी गोली, पुलिस ने संजय सिंह को किया गिरफ्तार

-घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गैङा पहाड़ गांव की
-धार्मिक आयोजन शिव चर्चा के दौरान गोलीबारी से मची भगदड़ में लगी बच्चे को गोली
-आरोपी संजय सिंह के घर से एक पिस्टल सहित 24 राउंड कारतूस बरामद
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर:
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गैरा पहाड़ गांव में धार्मिक आयोजन ‘शिव चर्चा’ के दौरान बेखौफ होकर गोलीबारी करने और एक मासूम बालक को जख्मी करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम ने आरोपी संजय सिंह को दबोचते हुए उसके पास से एक अवैध पिस्टल, 24 जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को गांव में भक्तिमय माहौल में शिव चर्चा का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर आरोपी संजय सिंह ने गांव के ही सत्यानंद सिंह पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान सत्यानंद तो बच गया, लेकिन पास में ही खेल रहे गंगा कुमार सिंह के पुत्र श्रवण कुमार को एक गोली लग गई। गोली बालक के दाहिने पैर के घुटने को चीरती हुई निकल गई। घटना के तुरंत बाद परिजन जख्मी हालत में मासूम को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल बालक के नाना पुलिस सिंह ने बताया कि आरोपी संजय सिंह और सत्यानंद सिंह के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही है। सत्यानंद घटना से ठीक एक दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। इसी का बदला लेने के लिए संजय ने सार्वजनिक धार्मिक स्थल पर ही उस पर गोलियां बरसा दीं। इधर, इस संबंध में पुलिस कप्तान सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही गोलीबारी करने वाले संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी के अनुसार गिरफ्तार संजय सिंह के निशानदेही पर उसके घर की तलाशी जब ली गई, तो उसके घर से एक अवैध पिस्तौल तथा 24 राउंड गोली पुलिस ने बरामद किया है। एसपी ने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखा भी बरामद किया गया है। बरामद हथियार एवं कारतूस को जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य से एकत्रित किया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *