Skip to main content

Birsa Times

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार की मौत

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार की मौत

रांची/जमशेदपुर। झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार पर गुरुवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मंत्री की बेटी तृषा सिंह की जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है। दुर्घटना जमशेदपुर के मरीन ड्राइव क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई, जहां एक स्विफ्ट डिजायर कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में वाहन का अगला और मध्य हिस्सा पूरी तरह छतिग्रस्त हो गया।
देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट डिजायर कार कोलकाता की ओर से जमशेदपुर आ रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव के पास ट्रक से कार की भीषण टक्कर हो गई।

हेमंत सोरेन ने दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

इरफान अंसारी ने भी दुख जताया
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ट्वीट करके लिखा कि जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का निधन हो गया। इस असहनीय दुख की घड़ी में वो दीपिका पांडेय और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

बाबूलाल मरांडी ने भी शोक जताया
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के असामयिक निधन की अत्यंत दुःखद सूचना से मन व्यथित है। अल्पायु में संतान का निधन माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं दीपिका पांडेय और उनके शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *