ब्यूरो चीफ महेन्द्र कुमार गौतम जालौन
रामपुरा (जालौन)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार देर शाम राजा साहब के फार्म हाउस के पास नहर किनारे एक खेत में 80 वर्षीय वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने महिला की हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान रामकली (80 वर्ष), पत्नी ठाकुरी दोहरे, निवासी जेडीसी बैंक के सामने, रामपुरा के रूप में हुई है। मृतका के बड़े पुत्र गुड्डू ने बताया कि शनिवार सुबह उनकी मां बकरी चराने के लिए खेतों की ओर गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
करीब रात आठ बजे सूचना मिली कि राजा साहब के फार्म हाउस के पास महेश दुबे के खेत में नहर किनारे एक वृद्ध महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान रामकली के रूप में की। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी शिव प्रकाश ने बताया कि खेत में एक वृद्ध महिला का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान रामकली (80) के रूप में हुई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
