आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
हिरणपुर/पाकुड़: पाकुड़ जिले के हिरणपुर-कोटालपोखर मुख्य मार्ग पर चौरा मोड़ के समीप शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
मृतक की पहचान कोटालपोखर थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार बागती (50), पिता रोबी बागती, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर (पंजीकरण संख्या WB65G3717) की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा और कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इस दौरान वाहन मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में कुछ नकद राशि भी उपलब्ध कराई गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर कोटालपोखर थाना ले गई, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल राजमहल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

