सरावन (जालौन)। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम सरावन की होनहार बेटी अंजलि राठौर के नीट (NEET) परीक्षा में बिना किसी कोचिंग संस्थान की सहायता के सफलता प्राप्त करने पर रविवार को गांव में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सरावन सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अंजलि को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं माल्यार्पण कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने अंजलि की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उसने यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प सबसे बड़ी पूंजी है। इस अवसर पर अंजलि के पिता देवेंद्र कुमार राठौर, माता श्रीमती गीता राठौर, दादा लज्जाराम राठौर एवं दादी श्रीमती किशोरी देवी राठौर को भी सम्मानित कर बधाई दी गई।
ब्यूरो चीफ महेन्द्र कुमार गौतम जालौन
वर्ष 2006 में जन्मी अंजलि अपने माता-पिता की तीन संतानों में सबसे बड़ी हैं। उनके बाद बहन एकता और छोटे भाई अभिनय राठौर हैं। उनके पिता देवेंद्र कुमार राठौर कृषि कार्य करने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी में मंडल उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन भी कर रहे हैं।
सम्मान समारोह में दिल्ली से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े कोचिंग संस्थान के शिक्षकों एम.आर. सर, संपत्ति मैम एवं पंकज सर भी मौजूद रहे। उन्होंने अंजलि की सफलता की सराहना करते हुए घोषणा की कि यदि ग्रामीण क्षेत्र का कोई छात्र या छात्रा उनके माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग करना चाहता है तो उसे आगामी वर्ष का संपूर्ण पाठ्यक्रम निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मनीष नायक, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलापत कुशवाहा, योगेश त्रिपाठी, अभय प्रताप सिंह राजावत, सतीश राठौर, चंद्रशेखर, जावेद मंसूरी, ठाकुर प्रसाद राठौर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने अंजलि को भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
