Skip to main content

Birsa Times

धरहरा में बिजली विभाग के नाम पर युवक से 20 हजार रुपए की ठगी

धरहरा में बिजली विभाग के नाम पर युवक से 20 हजार रुपए की ठगी

-सुंगठिया गांव में छापेमारी के दौरान इटवा निवासी मनीष कुमार पर ठगी का आरोप
-थानाध्यक्ष बोले, मामले की जांच कर होगी कार्रवाई
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
घरहरा (मुंगेर) :
जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के सुंगठिया गांव में विद्युत विभाग के नाम पर एक दलित युवक से 20 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने धरहरा थाने में आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित सुंगठिया गांव निवासी नूनेश्वर पासवान के पुत्र राजदूत कुमार ने थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया है कि बकाया बिजली बिल के कारण उनके घर पर कनीय अभियंता रोहित प्रसाद छापेमारी करने आए थे। उनके साथ इटवा गांव निवासी स्वर्गीय अजय मंडल के पुत्र मनीष कुमार भी थे।

आरोप है कि मनीष कुमार ने युवक को झांसा दिया कि यदि 20 हजार रुपये दे दोगे तो धरहरा थाने में तुम्हारे खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने देंगे। डर के कारण युवक ने 20 हजार रुपये दे दिए। लेकिन बाद में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई।
जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया और जातिसूचक शब्द ‘दुसाध’ बोलकर गाली-गलौज की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “जानता नहीं हो मैं कौन हूं, तुम्हें जान से मार दूंगा।”

इस घटना से पीड़ित काफी भयभीत है। उसने थाने में आवेदन देकर अपने 20 हजार रुपये वापस दिलाने, आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में धरहरा थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *