संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। हेरहंज थाना क्षेत्र के डाटम पातम जलप्रपात में डूबे दो युवक पलामू पांकी थाना क्षेत्र के रनेभरी गांव निवासी इम्तियाज अंसारी का 18 वर्षीय पुत्र आसिफ अंसारी एवं बालूमाथ रहमत नगर निवासी जाकिर कुरैशी का 20 वर्षीय पुत्र आकिब कुरैशी का शव 22 घंटे बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया।एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम ने सोमवार सुबह से लगातार अभियान चलाकर दोपहर करीब बारह बजे शव को बाहर निकाला। शव मिलते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपने अन्य दो और दोस्तों के साथ रविवार दोपहर जलप्रपात में घूमने और नहाने के लिए आए थे की इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद अंचल अधिकारी द्वरिका दूबे और थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासन तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।रविवार देर शाम तक खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद सोमवार सुबह एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन के कमांडर श्रवण रवानी के नेतृत्व में 30 सदस्यीय टीम ने बचाव अभियान शुरू किया।काफी मशक्कत के बाद टीम ने गहरे पानी से दोनों युवकों का शव बरामद किया। बताया गया कि शव पानी के भीतर गहराई में चला गया था,जिसके कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाई हुई।
अंचल अधिकारी को सौंपा गया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव बरामद होने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने उसे अंचल अधिकारी को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जलप्रपात के पास जुट गए। दोनों युवाको की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे भरा पुरा परिवार दुनिया से छोड़ चल बसा।
एनडीआरएफ और प्रशासन के प्रयासों की सराहना।
रेस्क्यू अभियान में सहयोग के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने एनडीआरएफ की टीम,जिला एवं प्रखंड प्रशासन,पुलिस के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि टीम ने कठिन परिस्थितियों में लगातार प्रयास कर शव बरामद किया। साथ ही ऐसी आपात स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए जिले में एनडीआरएफ की टीम स्थायी रूप से तैनात करने की मांग की गई।

