Skip to main content

Birsa Times

नौकरी मिलते ही पति ने बदला रंग, पत्नी को घर से निकाला; कोतवाली थाने में शिकायत

नौकरी मिलते ही पति ने बदला रंग, पत्नी को घर से निकाला; कोतवाली थाने में शिकायत

-घसियार मोहल्ला का मामला, शेखपुरा की बेटी ने लगाई इंसाफ की गुहार
-पंचायत से भी नहीं मानी बात, अब पुलिस कर रही है जांच
रंजीत विधार्थी
मुंगेर :
सरकारी नौकरी मिलते ही रिश्ते का रंग बदल जाने की कहानी मुंगेर में सामने आई है। अनुकंपा पर बिजली विभाग में नौकरी मिलते ही एक पति ने अपनी पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया और उसे घर से निकाल दिया। पीड़ित पत्नी इंसाफ के लिए दर-दर भटकने के बाद रविवार को कोतवाली थाने पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के घसियार मोहल्ले का है। पीड़िता की पहचान डिंपल कुमारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र के भमरिया गांव निवासी इंद्रदेव यादव की बेटी है। डिंपल की शादी वर्ष 2016 में मुंगेर के घसियार मोहल्ला निवासी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद यादव के बेटे सुमन यादव के साथ हुई थी।

नौकरी मिलते ही बदल गया व्यवहार
डिंपल का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। फिर भी वह सब कुछ सहते हुए रिश्ते को निभा रही थी। इसी बीच उसके पति सुमन यादव को पिता की जगह अनुकंपा के आधार पर बिजली विभाग में सरकारी नौकरी मिल गई।
महिला का कहना है कि नौकरी मिलने के बाद तो पति के तेवर ही बदल गए। उसने साफ तौर पर पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया और वापस आने पर धमकी भी दी। नौकरी के बाद पति ने पत्नी को बोझ समझ लिया।

पंचायत भी हुई फेल
डिंपल ने बताया कि पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद को खत्म करने के लिए दोनों परिवारों और समाज के लोगों ने कई बार पंचायत की। पंचों ने समझा-बुझाकर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन सुमन यादव अपनी जिद पर अड़ा रहा और पत्नी को घर ले जाने को तैयार नहीं हुआ।
आखिर में थक-हारकर रविवार को डिंपल कोतवाली थाना पहुंची और पुलिस को आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई। उसने पुलिस से पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि महिला का आवेदन मिला है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की सच्चाई खंगाल रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *