-रविवार की रात से था लापता, परिजनों में मचा कोहराम
-ब्यूरो चीफ, मुंगेर
हवेली खड़गपुर(मुंगेर): सोमवार को हवेली खड़गपुर प्रखंड के शामपुर थाना क्षेत्र के गोबड्डा पंचायत के गोबड्डा गांव में पानी से भरे गड्ढे से 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार गोबड्डा गांव निवासी सुमन कुमार बिंद का पुत्र चंद्रशेखर कुमार रविवार की रात करीब नौ बजे घर में किसी को बिना बताए निकल गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन रातभर उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार की दोपहर एनएच 333 स्थित हवेली खड़गपुर- बरियारपुर मुख्य मार्ग के समीप झाड़ियों से घिरे पानी भरे गड्ढे में शव पर उस रास्ते से गुजर रहे ग्रामीण व किसानों की नजर पड़ी तो इसकी सूचना परिजनों को दिया। जिसके बाद शव की पहचान परिजनों ने की। चंद्रशेखर का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शव मिलने की सूचना पर शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि चंद्रशेखर को बचपन से मिर्गी के दौरा आता था। पिछले एक महीने में भी उसे कई बार दौरे पड़े थे और उसका इलाज भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि शौच के लिए जाने के दौरान दौरा पड़ने से वह गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
लापता युवक का गड्ढे में मिला शव, मिर्गी का दौरा पड़ने से मौत की आशंका
