Skip to main content

Birsa Times

खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को मिलता है बढ़ावा: हेमंत सोरेन

खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को मिलता है बढ़ावा: हेमंत सोरेन

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और खिलाड़ियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री सोमवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की। साथ ही, खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खिलाड़ियों से देश और राज्य का नाम रोशन करने की अपील

हेमंत सोरेन ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना भी सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और झारखंड का गौरव बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने और लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

तीरंदाज अंकिता भकत को किया सम्मानित

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज अंकिता भकत को भी सम्मानित किया। उन्होंने अंकिता की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अन्य खिलाड़ियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड की प्रतिनिधि मीणा भारती, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे और अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक सहित बोर्ड के अन्य पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा विभिन्न पुलिस टीमों के खिलाड़ी उपस्थित थे।

बॉक्स: महिला और पुरुष वर्ग में इन टीमों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

महिला वर्ग

  • प्रथम स्थान: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) — 37 अंक
  • द्वितीय स्थान: उत्तर प्रदेश पुलिस — 34 अंक
  • संयुक्त तृतीय स्थान: असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) — 23 अंक

पुरुष वर्ग

  • प्रथम स्थान: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) — 53 अंक
  • द्वितीय स्थान: उत्तर प्रदेश पुलिस — 22 अंक
  • तृतीय स्थान: राजस्थान पुलिस — 21 अंक

ऑनलाइन खतियान में जाति सुधार की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिला मुंडा समाज

रांची (आजाद सिपाही)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को उनके आवासीय कार्यालय में मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति के नाम में कथित त्रुटि को लेकर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, संबंधित गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति के कॉलम में ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ दर्ज है। इसके कारण ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने ऑनलाइन खतियान में दर्ज गलत जाति के नाम को सुधारकर ‘स्वासी’ की जगह ‘मुंडा’ दर्ज कराने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और इस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक विकास मुंडा भी मौजूद थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *