Skip to main content

Birsa Times

ट्रेन में महिला यात्रियों का बैग चुराने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार, गर्भवती बनकर देती थीं वारदात को अंजाम

ट्रेन में महिला यात्रियों का बैग चुराने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार, गर्भवती बनकर देती थीं वारदात को अंजाम

कजरा स्टेशन के पास भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाया था हैंडबैग, जमालपुर स्टेशन पर सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पकड़ा
रंजीत विद्यार्थी
जमालपुर (मुंगेर) :
ट्रेन में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली दो महिलाओं को सीआईबी/जेएमपी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इनमें से एक महिला गर्भवती होने का स्वांग रचकर यात्रियों के बीच जगह बनाती थी और भीड़ का फायदा उठाकर सामान चोरी कर लेती थी। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी का हैंडबैग, मंगलसूत्र, दो मोबाइल फोन और 4,300 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है।

कजरा स्टेशन के पास हुई थी चोरी

मामला 27 नवंबर 2026 का है। पुरानीगंज निवासी खुशबू कुमारी अपने पति के साथ ट्रेन संख्या 13410 किऊल-मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस से किऊल से जमालपुर जा रही थीं। इसी दौरान कजरा स्टेशन के पास तीन महिलाएं आकर उनके बगल वाली सीट पर बैठ गईं।

जब खुशबू कुमारी जमालपुर स्टेशन पर उतरने लगीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने उनके बड़े बैग से नीले रंग का हैंडबैग निकाल लिया। हैंडबैग में 3,500 रुपये नकद, आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई सीआईबी और जीआरपी

घटना के बाद पीड़िता ने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही आईपीएफ/सीआईबी/जेएमपी की टीम ने जीआरपी के साथ समन्वय स्थापित किया। आईपीएफ एसके सुधा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। शिकायतकर्ता से बातचीत कर संदिग्ध महिला का हुलिया लिया गया और जमालपुर रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

इसी बीच खुशबू कुमारी भी जमालपुर स्टेशन पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। तलाशी के दौरान रात करीब आठ बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक के किऊल छोर पर फुट ओवरब्रिज के पश्चिमी हिस्से में संदिग्ध हुलिये की दो महिलाएं दिखाई दीं। टीम ने दोनों को रोककर पीड़िता से पहचान कराई। खुशबू कुमारी ने गर्भवती होने का स्वांग रचने वाली महिला की पहचान की।

पुतुल देवी और आरती कुमारी गिरफ्तार

पूछताछ में पहली महिला ने अपना नाम पुतुल देवी (30), निवासी दशरथपुर, थाना धरहरा, जिला मुंगेर बताया। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि हैंडबैग चोरी करने के बाद उसने उसे अपनी सहयोगी आरती कुमारी को दे दिया था।

दूसरी महिला की पहचान आरती कुमारी (20), निवासी कृष्णा नगर, पांच नंबर, थाना चित्तरंजन, जिला जामताड़ा के रूप में हुई। महिला पुलिस अधिकारी अलविना हांसदा ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली।

आरती कुमारी के कपड़ों में छिपाकर रखा गया नीले रंग का हैंडबैग बरामद हुआ। उसमें 3,500 रुपये, पीड़िता के नाम का आधार कार्ड, एक मंगलसूत्र, स्कूल फीस की दो रसीदें और बिना सिम वाला कीपैड मोबाइल मिला। वहीं, पुतुल देवी के पास से 800 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, उसने यात्री की जेब से ये रुपये चुराने की बात भी स्वीकार की।

पहले भी जेल जा चुकी है एक आरोपी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पुतुल देवी ने ट्रेन में यात्रियों का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि वह पहले दो बार ऐसे मामलों में जेल जा चुकी है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है।

जीआरपी थाना जमालपुर में इस मामले में केस संख्या 95/26, दिनांक 28 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) और 317(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया गया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *