एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे थे दोनों आरोपी, पिट्ठू बैग की तलाशी में मिली अफीम
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा। वशिष्ठनगर थाना (जोरी) पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो 158 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों को शुक्रवार शाम थाना गेट के समीप से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन, 380 रुपये नकद, एक वोटर कार्ड, पिट्ठू बैग, लेडीज पर्स समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों आरोपी
पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार सिंह के अनुसार, 27 नवंबर की शाम वशिष्ठनगर थाना गेट के समीप एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष पैदल वहां से गुजर रहे थे। पुरुष के पास एक पिट्ठू बैग था।
पुलिस को देखकर दोनों राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय की ओर भागने लगे। उनकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुरुष के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
राजपुर और गिद्धौर के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजपुर गांव निवासी 26 वर्षीय अमित कुमार दांगी, पिता नागेश्वर दांगी और गिद्धौर थाना क्षेत्र के हेट टोला निवासी 27 वर्षीय सुनीता देवी, पति प्रवीण दांगी के रूप में हुई है।
इस मामले में वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 162/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
इस कार्रवाई में वशिष्ठनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, एसआई दिलीप कुमार नामता, रिजर्व गार्ड अमरेंद्र कुमार और आईआरबी-03 के जवान संतोष कुमार संतोषी शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
