Skip to main content

Birsa Times

खेलते-खेलते नहर तक पहुंच गया मासूम, फिर कभी लौटकर नहीं आया

खेलते-खेलते नहर तक पहुंच गया मासूम, फिर कभी लौटकर नहीं आया

-हवेली खड़गपुर में ढाई साल के बच्चे की डूबने से गई जान, अस्पताल में टूटी उम्मीद
-एक पल की लापरवाही ने छीन ली घर की खुशियां, गांव में पसरा मातम
रंजीत विद्यार्थी
हवेली खड़गपुर (मुंगेर) :
घर के आंगन में खेलने वाला ढाई साल का मासूम खेलते-खेलते नहर तक पहुंच गया और फिर कभी लौटकर नहीं आया। नहर के पानी ने एक ही पल में मां की गोद उजाड़ दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरा इलाका गमगीन है।

जानकारी के अनुसार बच्चा घर के पास ही खेल रहा था। खेल में मगन मासूम को कब नहर की ओर कदम बढ़ गए, किसी को पता ही नहीं चला। थोड़ी देर बाद जब घर वालों की नजर बच्चे पर नहीं पड़ी तो खोजबीन शुरू हुई। नहर के पास पहुंचते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला।

चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला और भागते हुए अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों को उम्मीद थी कि डॉक्टर कुछ कर देंगे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने जो कहा, उसने सबकी उम्मीद तोड़ दी। डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही मां-बाप दहाड़ मारकर रोने लगे। अस्पताल परिसर में मौजूद हर आंख नम हो गई। घर में मातम छा गया। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसर गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर के किनारे कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। छोटे बच्चे अक्सर वहां खेलने पहुंच जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से नहर के किनारे बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम की मांग की है ताकि फिर किसी मां की गोद इस तरह न उजड़े।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *