आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता- अबुल कलाम
टंडवा- (चतरा) : टंडवा प्रखंड क्षेत्र के बुकरू गांव में जारी रेलवे ब्रिज निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सामग्री के भंडारण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। निर्माण कार्य कर रही रिद्धि-सिद्धि एवं के. साईं सुमन कंपनी पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग की है।
निर्माण सामग्री और बालू भंडारण पर आपत्ति
ग्रामीणों का दावा है कि निर्माण स्थल पर अवैध रूप से बालू का भंडारण किया जा रहा है। इसके साथ ही लंबे समय से खुले में रखे जंग लगे सरिये तथा कथित तौर पर घटिया गिट्टी और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे ब्रिज जैसे अहम ढांचे के निर्माण में लापरवाही भविष्य में सुरक्षा के लिहाज से बड़ा जोखिम पैदा कर सकती है और इससे सरकारी राशि का दुरुपयोग भी हो सकता है। उन्होंने बालू के स्रोत और वैध परिवहन कागजातों की जांच की मांग उठाई है।
कंपनी सुपरवाइजर की सफाई और ग्रामीणों के सवाल
इस विषय पर कंपनी के सुपरवाइजर सुबोध सिंह ने कहा कि निर्माण कार्य के लिए रखा गया बालू बिहार से रॉयल्टी चुकाकर लाया जा रहा है, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इससे जुड़े कागजात फिलहाल कार्यालय में मौजूद नहीं हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि अन्य कंपनियों द्वारा स्थानीय स्तर पर सुबह के समय अवैध रूप से बालू का भंडारण किया जाता है।
सुपरवाइजर की इस टिप्पणी पर ग्रामीणों ने असंतोष जताते हुए सवाल किया कि यदि बालू वैध रूप से रॉयल्टी चुकाकर मंगाया जा रहा है, तो खरीद और परिवहन के दस्तावेज कार्यालय में क्यों नहीं हैं। ग्रामीणों ने बालू की वैधता और रॉयल्टी भुगतान की वास्तविक जांच कराने पर जोर दिया है।
निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने निर्माण स्थल पर मौजूद बालू, सरिया, गिट्टी और अन्य सामग्रियों की तकनीकी जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित निर्माण कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
