साक्षरता चौक के पास हुआ हादसा, अस्पताल ले जाने के दौरान युवक ने तोड़ा दम; एक घायल को हायर सेंटर किया गया रेफर
ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के साक्षरता चौक के पास शनिवार देर शाम जुगाड़ गाड़ी और बाइक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बड़ा जिरवाबाड़ी चानन निवासी शंकर मंडल के 22 वर्षीय पुत्र गणेश मंडल के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में चानन निवासी राजेश मंडल के 20 वर्षीय पुत्र प्रवीण मंडल और लक्ष्मण मंडल के 19 वर्षीय पुत्र पंकज मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पंकज मंडल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
खेत से घर लौट रहे थे तीनों दोस्त
घायल प्रवीण मंडल ने बताया कि तीनों दोस्त बाइक से लोहंडा स्थित अपने खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान साक्षरता चौक के पास तेज रफ्तार से आ रही जुगाड़ गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिर में गंभीर चोट लगने से गणेश की मौत
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. पिंकू चौधरी ने बताया कि गणेश मंडल के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल पंकज मंडल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
परिवार में मचा कोहराम
गणेश मंडल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। इधर, जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
