-स्टेशन रोड पर महिला के गले से झपटी थी चेन, पीड़िता ने ही पहचान लिया था आरोपी को
-15 हजार में सुनार को बेची थी चेन, सुनार समेत उसके भाई को भी पुलिस ने दबोचा
-रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर : जिलें के बरियारपुर थाना क्षेत्र में घटित चेन स्नैचिंग कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। 25 नवंबर 2026 को बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड पर पीड़िता अपने परिवार के साथ बाहर जा रही थी। इसी क्रम में एक व्यक्ति ने उनके गले से सोने का डोलना (चेन) झपट लिया और फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना में आवेदन दिया।
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि चेन छीनकर भागने वाले व्यक्ति को वह पहचानती है। उसका नाम बिट्टू कुमार, पिता जोगीन्द्र पासवान, साकिन अस्पताल टोला, थाना बरियारपुर, जिला मुंगेर है। घटना के संबंध में बरियारपुर थाना कांड संख्या 174/26, दिनांक 26-11-2026, धारा 304(3)(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरियारपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान कांड में संलिप्त बिट्टू कुमार, धौनी कुमार, पिता मदन मंडल, साकिन बरैल बासा और गोलू कुमार उर्फ गौरव कुमार, पिता स्व. लक्ष्मी मंडल, साकिन बरैल बासा, थाना बरियारपुर को पकड़ा गया।
पकड़ाए तीनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर बताया गया कि चेन स्नैचिंग कर सोने की चेन को सुनार अमन कुमार, पिता कैलाश प्रसाद एवं उसके भाई बजरंगी कुमार, दोनों साकिन शास्त्री चौक 03 नंबर गुमटी रोड, थाना पूर्वसराय, जिला मुंगेर को 15 हजार रुपये में बेच दिया है।
पकड़ाए व्यक्तियों की निशानदेही के आधार पर सुनार अमन कुमार एवं उसके भाई बजरंगी कुमार के घर पर विधिवत छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बजरंगी कुमार के घर से छीनी गई सोने की चेन बरामद की गई, जिसे पुलिस टीम द्वारा विधिवत जब्त किया गया। तत्पश्चात कांड में संलिप्त 05 अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर बरियारपुर थाना पुलिस की टीम द्वारा 24 घंटों के अंदर कांड का उद्भेदन किया गया।
