Skip to main content

Birsa Times

बेटे के अपहरण का बदला! जेल से छूटते ही किसान की पीट-पीटकर हत्या, धान के खेत में मिला शव

बेटे के अपहरण का बदला! जेल से छूटते ही किसान की पीट-पीटकर हत्या, धान के खेत में मिला शव

-शामपुर के लोहची नाकी गांव में सुबह 4 बजे शौच के लिए निकले रंगलाल मंडल की धान के खेत में मिली लाश
-हाथ-पैर तोड़े, सिर कुचला, 2021 के अपहरण कांड में शिकायत बनी जान की दुश्मन
-रंजीत विद्यार्थी
हवेली खड़गपुर,(मुंगेर) :
पुरानी रंजिश ने एक बार फिर मुंगेर में खून बहा दिया। शामपुर थाना क्षेत्र के लोहची नाकी गांव में 50 वर्षीय किसान रंगलाल मंडल की लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने किसान के दोनों हाथ-पैर तोड़ दिए और सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। सुबह धान के खेत में खून से लथपथ शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

सुबह घर से निकले, फिर नहीं लौटे
रंगलाल मंडल शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे घर से शौच के लिए निकले थे। करीब 5 बजे जब पत्नी पूनम देवी सोकर उठीं तो पति घर में नहीं मिले। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की चिंता हुई। सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव से आधा किलोमीटर दूर धान के खेत में शव पड़ा है। परिजन दौड़े तो शव रंगलाल का ही था। वहां खून बिखरा था और शरीर पर गहरे जख्म थे। परिजन उन्हें तुरंत बरियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

2021 का अपहरण कांड ही बना वजह
मृतक के भाई साजन कुमार मंडल ने बताया कि हत्या के पीछे 5 साल पुरानी रंजिश है। वर्ष 2021 में रंगलाल के मंझले बेटे सचिन कुमार का फिरौती के लिए अपहरण हुआ था। गोतिया नीतीश कुमार, नीरज कुमार और सन्नी कुमार पर अपहरण का आरोप लगा था। रंगलाल की शिकायत पर शामपुर पुलिस ने 24 घंटे में सचिन को बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। परिजनों का आरोप है कि करीब 6 महीने पहले तीनों जेल से छूटे थे और तब से बदला लेने की ताक में थे। शुक्रवार सुबह मौका पाकर उन्होंने अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मिलकर किसान की हत्या कर दी।

पुलिस मौके पर, गांव में तनाव
घटना की सूचना पर हवेली खड़गपुर के डीएसपी अभय कुमार और शामपुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। डीएसपी अभय कुमार ने बताया कि किसान के दोनों हाथ-पैर टूटे थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने बेटे के पूर्व अपहरण और पड़ोसियों से रंजिश की जानकारी दी है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हत्या के बाद से लोहची नाकी गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *