सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान, हाटपाड़ा स्थित ननिहाल से चोरी के सामान के साथ पकड़ा गया
अजय कुमार कुशवाहा | ब्यूरो
बरहरवा (साहिबगंज)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहरवा में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार सुबह अस्पताल के ऊपरी तल्ले पर स्थित कार्यालय से बायोमेट्रिक सिस्टम चोरी कर फरार हुए युवक को अस्पताल कर्मियों और सुरक्षा गार्ड की तत्परता से पकड़ लिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद हाटपाड़ा स्थित उसके ननिहाल से चोरी के सामान के साथ उसे पकड़कर बरहरवा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कार्यालय खाली देखकर ले उड़ा बायोमेट्रिक सिस्टम
सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे तक स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई थी। इसके बाद कार्यालय खाली था। इसी का फायदा उठाकर सुबह करीब 8 बजे एक युवक कार्यालय में घुसा और वहां रखा बायोमेट्रिक सिस्टम लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब स्वास्थ्यकर्मी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे तो मशीन गायब मिली। इसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक युवक बायोमेट्रिक सिस्टम लेकर जाते हुए दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड शिवा कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान की। इसके बाद अस्पताल कर्मियों और सुरक्षा गार्ड ने हाटपाड़ा स्थित युवक के ननिहाल पहुंचकर उसे चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
बिहार निवासी बिट्टू कुमार गिरफ्तार
सुरक्षा गार्ड शिवा कुमार और अस्पताल के अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से बरहरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी रूपेश यादव ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार निवासी बिट्टू कुमार, पिता भैया राम के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी गया बायोमेट्रिक सिस्टम बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बरहरवा थाना कांड संख्या 282/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
