चाची, ताऊ और चचेरा भाई गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए खून से सने हथियार और तंत्र-मंत्र की सामग्री
संतोष कुमार दास
चतरा: झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव से अंधविश्वास और पारिवारिक क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीपावली की अमावस्या की रात लापता हुई आठ वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी चाची, ताऊ और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने मामले का खुलासा किया।
ओझा-गुनी का काम करती थी मुख्य आरोपी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी सोहरी देवी अपने घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। पुलिस जांच के अनुसार, तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने की कथित लालसा में उसने अपने भैसुर बिंदु भारती और उनके बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि दीपावली की अमावस्या की रात बच्ची की हत्या कर दी गई।
एसपी के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस अनुसंधान को भटकाने के उद्देश्य से बच्ची के सिर पर बांस के डंडे से भी वार किया था, ताकि घटना को दूसरे अपराध का रूप दिया जा सके। हालांकि, पुलिस ने साक्ष्यों और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले का खुलासा कर दिया। जांच में मृत बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद होने की बात भी सामने आई है।
13 नवंबर को झाड़ी और धान के खेत से मिला था शव
घटना की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया था।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर की तलाशी लेकर कई अहम साक्ष्य बरामद किए।
खून लगे हथियार और तंत्र-मंत्र की सामग्री जब्त
पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के घर से लाल रंग की टूटी चूड़ी, टूटी बाली, खून लगा प्लास, खून लगी घास और मृत बच्ची का आसमानी रंग का पैंट बरामद किया है।
इसके अलावा कथित तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी जब्त की गई है। पुलिस ने खून लगा हसुआ, करणी और लोहे की छेनी भी बरामद की है। इन सामग्रियों को जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
प्रतापपुर थाना कांड संख्या 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 97 में मामला दर्ज कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- सोहरी देवी – पति कमलू भारती।
- बिंदु भारती – पिता स्वर्गीय कारू भारती।
- जुगेश भारती – पिता बिंदु भारती।
तीनों आरोपी चट्टी अनंतपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। इस मामले ने एक बार फिर अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
