Skip to main content

Birsa Times

कृष्ण जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदली, नदी में डूबे तीन दोस्तों की मौत

कृष्ण जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदली, नदी में डूबे तीन दोस्तों की मौत

-पिकनिक मनाने घर से निकले थे तीनों, पहले दो शव मिले,कुछ घंटों की तलाश के बाद सत्यम का भी शव बरामद
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
कृष्ण जन्माष्टमी पर जहां घर-घर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही थी, वहीं चतरा के तीन परिवारों में अपनों की एक दर्दनाक हादसे में मौत से मातम छा गया। पर्व की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गई। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि तीनों दोस्त सुबह साइकिल से नदी पहुंचे थे। नदी किनारे तीनों ने पास्ता बनाकर खाया। इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए।कुछ देर बाद ग्रामीणों ने नदी में एक बच्चे का शव देखा। वहीं दूसरे बच्चे का शव नदी से कुछ दूरी पर सड़क किनारे बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। चौर मोहल्ला निवासी 11वर्षीय अंश प्रकाश व ढंगरटोली निवासी 16 वर्षीय प्रिंस कुमार के शव मिलने के बाद तीसरे दोस्त 10 वर्षीय सत्यम कुमार के लापता होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन खोजबीन शुरू की। गोताखोरों ने नदी के गहरे हिस्सों में घंटों तलाश की। लगातार प्रयास के बाद आखिरकार सत्यम का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। तीसरे दोस्त का शव मिलने की खबर के साथ ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों की आखिरी उम्मीद भी टूट गई। तीनों बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। जन्माष्टमी के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटनास्थल से पुलिस को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग समेत अन्य सामान मिले हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *