नौडीहा बाजार/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार (पलामू): पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड की अति सुदूरवर्ती पंचायत खैरादोहर के भुइयां टोला में इन दिनों भारी जल संकट गहराया हुआ है। बीते तीन महीनों से टोले में लगा सरकारी जल मीनार और इकलौता चापाकल खराब पड़ा है, जिसके कारण यहाँ के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं। सरकारी दावों की पोल खोलती यह तस्वीर प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही है।
भुइयां टोला में लगभग 30 घरों में भुइयां समाज के गरीब परिवार निवास करते हैं। जल मीनार और चापाकल खराब हो जाने से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए कोसों दूर जाना पड़ता है, कई-कई घंटे लाइन में लगना पड़ता है। महिलाओं और बच्चियों को सिर पर बर्तन लेकर भटकना पड़ रहा है।
सबसे दर्दनाक स्थिति बच्चों की है। पानी के अभाव में घर में स्वच्छता नहीं हो पा रही है, जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चे नहा-धो नहीं पा रहे हैं और गंदे कपड़ों में आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालय जाने में शर्म महसूस कर रहे हैं। कई बच्चे तो पिछले कई दिनों से स्कूल ही नहीं जा पाए हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है और वे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। रामजी भुइयां, रंभा देवी, संगम देवी, सावित्री देवी, चानो देवी, सरस्वती देवी, पुनीता देवी, कलावती देवी, लीला देवी सहित दर्जनों महिला-पुरुषों ने *खाली बाल्टी, तसला और डिब्बा लेकर विरोध किया है
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर *स्थानीय मुखिया से कई बार शिकायत भी किया लेकिन आज तक मरम्मत नहीं किया गया है
ग्रामीणों ने उपायुक्त पलामू और प्रखंड विकास पदाधिकारी नौडीहा बाजार से तत्काल हस्तक्षेप कर खराब पड़े जल मीनार और चापाकल की मरम्मत कराने और स्थायी जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
