शिकारीपाड़ा/दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा स्थित एकलव्य इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर गुरुवार सुबह अचानक उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक बाइक चालक ने पंप से पेट्रोल भरवाया और कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक अचानक बंद हो गई। चालक ने जब अपनी बाइक से तेल निकाला तो वह हैरान रह गया—एक लीटर तेल की बोतल में आधा पेट्रोल और आधा अन्य तरल पदार्थ दिखाई दे रहा था, जिसे प्रथम दृष्टया एथेनॉल माना जा रहा है।
इस घटना की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद दर्जनों स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक हाथ में पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर पंप पर पहुंच गए और अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों का आरोप है कि पेट्रोल में भारी मात्रा में मिलावट की गई है, जिससे कई लोगों के वाहन रास्ते में ही खराब हो चुके हैं।
बढ़ते विवाद और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पेट्रोल पंप के मैनेजर ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। मैनेजर ने बताया कि पेट्रोल में मिलावट की शिकायत के बारे में उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष टीम बुलाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जांच टीम मौके पर पहुंचकर पूरी पड़ताल नहीं कर लेती, तब तक सुरक्षा और पारदर्शिता के लिहाज से पेट्रोल पंप से ईंधन की बिक्री पूरी तरह से बंद रखी जाएगी।

