बांका। बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलजोरी पंचायत के भनरा गांव में जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में जहलू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चांदन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चांदन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बांका रेफर कर दिया।
सीएचसी चांदन में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनीश कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत कुमार और डॉ. प्रीति कुमारी ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।
छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घायल जहलू यादव के पुत्र राजेंद्र कुमार ने इस मामले में भनरा गांव के ही नरेश यादव, सुरेश यादव, मौजी यादव, धोकल यादव, प्रदीप यादव और मंटू यादव के खिलाफ चांदन थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इस दौरान एक गोली का खोखा बरामद किया गया है।
चांदन थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हुआ है। घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया गया है। छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

