Skip to main content

Birsa Times

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज


रांची।
झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर विधानसभा थाना में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा नामक दो महिलाओं की भूमिका को लेकर भी शिकायत की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सिमडेगा जिले की रहने वाली है। पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा ने उसे बेहतर भविष्य, पढ़ाई-लिखाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर रांची लाया था। आरोप है कि उसे विधायक भूषण बाड़ा के आवास पर रखा गया। हालांकि, पढ़ाई कराने के बजाय उससे घरेलू काम कराया जाने लगा।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रांची और सिमडेगा स्थित आवासों पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। काम में देरी होने पर मारपीट की जाती थी और गाली-गलौज के साथ पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता था।

5 अगस्त को विधायक आवास में घटना होने का आरोप

पीड़िता के आवेदन के मुताबिक, 5 अगस्त 2026 को दोपहर के समय रांची स्थित विधायक आवास संख्या-12 में विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। नाबालिग ने विरोध किया, लेकिन आरोप है कि उसका मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद उसे किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, घटना के अगले दिन वह किसी तरह अपने गांव लौट गई। इसके बाद वह सितंबर में अपनी दीदी के पास चली गई। शिकायत में उसने बताया है कि 22 अक्टूबर को उसे तेज रक्तस्राव हुआ। डॉक्टर से जांच कराने पर उसे बताया गया कि गर्भ में पल रहा बच्चा खराब हो चुका है। पीड़िता ने यह भी कहा है कि घटना के बाद से उसकी तबीयत पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।

दो महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने अपनी शिकायत में विधायक भूषण बाड़ा के अलावा एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। उसने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि आरोपी प्रभावशाली हैं और उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, मेडिकल जांच की तैयारी

हटिया डीएसपी नीरज किशोरी के अनुसार, नाबालिग को स्कूल में पढ़ाई और नामांकन कराने का भरोसा देकर रांची लाया गया था। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़िता की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *