
रांची। राजधानी रांची में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह कांके डैम के पास हथियार बरामदगी के दौरान कथित तौर पर फायरिंग करने वाला आरोपी सत्यम पाठक जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसे पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में दूसरे आरोपी विजय टेटे को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सत्यम पाठक ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो हथियार कांके डैम के पास छिपाने की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए वहां ले गई। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में सत्यम के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके हाथ में भी चोट आई है। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भार्गव सिंह हत्याकांड में शूटर होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पंडरा स्थित ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हत्या के मामले में सत्यम पाठक को कथित शूटर के रूप में चिह्नित किया गया है। वहीं, विजय टेटे को इस मामले में मास्टरमाइंड बताए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
सिटी एसपी पारस राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सत्यम से पूछताछ के आधार पर ही हथियार बरामदगी के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस अब इस हत्याकांड में अन्य संदिग्धों और संभावित नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।

पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
पुलिस जांच में सत्यम पाठक का नाम धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह की हत्या के मामले में भी सामने आने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, जुलाई 2024 में वेद प्रकाश सिंह पर धुर्वा बस स्टैंड के पास एक दुकान में बैठे रहने के दौरान हमला किया गया था। गर्दन में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान दिल्ली स्थित एम्स में उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस अब दोनों हत्याकांडों के बीच संभावित संबंधों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
