होन्हे गांव स्थित ईवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर बाइक सवार तीन लोगों ने की गोलीबारी; सोशल मीडिया पर पर्ची जारी कर कारोबारियों को दी धमकी
अबुल कलाम
टंडवा (चतरा)। आम्रपाली कोल परियोजना के पीओ कार्यालय के बगल में स्थित होन्हे गांव में बुधवार की रात ईवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में भय का माहौल है। घटना की कथित जिम्मेदारी गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर पर्ची जारी कर ली है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, ईवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी ने आम्रपाली परियोजना से शिवपुर साइडिंग तक कोयला ढुलाई का काम एनसीसी लिमिटेड कंपनी से पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर लिया है। इसी सिलसिले में पीओ कार्यालय के बगल में कंपनी का कार्यालय बनाया गया है। परिसर में कंपनी के कर्मचारियों के रहने की भी व्यवस्था है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार की रात बाइक पर सवार होकर आए तीन लोगों ने कार्यालय परिसर में कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कैंप परिसर में गोली के कई निशान मिले हैं। कार्यालय की दीवार, खिड़कियों के टूटे शीशे और लोहे के दरवाजे पर भी गोलियों के निशान देखे गए। इससे फायरिंग की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सोशल मीडिया पर पर्ची जारी कर धमकी देने का दावा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पर्ची जारी हुई है, जिसमें राहुल दुबे गैंग ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। कथित विज्ञप्ति में कहा गया है कि बुधवार की रात करीब 12 बजे होन्हे गांव स्थित ईवीएस कंपनी के कार्यालय पर हुई गोलीबारी उसके इशारे पर कराई गई। इसमें यह भी दावा किया गया है कि फोन कॉल को नजरअंदाज करने के कारण हमला किया गया।
कथित पर्ची में अर्श कुमार और आदित्य को निशाना बनाते हुए गंभीर धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि यह गोलीबारी महज एक ट्रेलर है और बात नहीं मानने पर अगली बार कार्यालय में मौजूद किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाया जा सकता है। साथ ही अर्श और आदित्य को रास्ते में खत्म करने की धमकी भी दी गई है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी इस पर्ची की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि इसे वास्तव में संबंधित गैंग की ओर से जारी किया गया है या किसी ने साजिश के तहत ऐसा किया है।
पीओ कार्यालय के पास फायरिंग से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर गोलीबारी हुई, वह आम्रपाली परियोजना के पीओ कार्यालय के ठीक बगल में है। यहां सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद बाइक सवार हमलावरों द्वारा गोलीबारी कर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
फायरिंग के बाद कंपनी में काम करने वाले वाहन चालकों, हेल्परों और अन्य कर्मचारियों में भय का माहौल है। टंडवा थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
आम्रपाली कोल परियोजना झारखंड की प्रमुख कोयला परियोजनाओं में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों का आवागमन होता है और हजारों लोग प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जुड़े हैं। ऐसे में कंपनी कार्यालय पर हुई गोलीबारी ने पूरे कोयलांचल क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सबकी नजर है।
