मां के इलाज के लिए रांची जाने का उठाया फायदा, बेटे ने घर से चुराए थे सोने-चांदी के आभूषण; दुकानदारों ने जेवर गलाकर बनाए नए गहने
संतोष कुमार दास
मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड थाना क्षेत्र के ढोढ़ी गांव में घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने और चोरी के आभूषण खरीदने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का आरोपी बेटा और दो ज्वेलर्स दुकानदार शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया है।
मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल कुमार दुबे ने बताया कि पीड़िता ने घर में चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर मयूरहंड थाना कांड संख्या 72/2026, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305/316(2)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि वह अपनी मां का इलाज कराने रांची गई हुई थी। इसी दौरान घर में रखे बक्से से सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पीड़िता के पुत्र शक्ति सिंह से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शक्ति सिंह ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घर से चुराए गए कुछ जेवरात करमा चौक स्थित विजय सोनी की दुकान में बेचे थे। वहीं, कुछ आभूषण इटखोरी चौक स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक दिलीप कुमार को बेचे थे।
जेवर गलाकर बनाए नए आभूषण, पुलिस ने किया बरामद
शक्ति सिंह से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बुधवार को करमा चौक स्थित ज्वेलरी दुकानदार विजय सोनी और इटखोरी चौक स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों दुकानदारों ने शक्ति सिंह से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात खरीदने की बात स्वीकार की। आरोप है कि पहचान छिपाने के लिए दोनों ने खरीदे गए आभूषणों को गलाकर नए गहने तैयार कर दिए थे। विजय सोनी ने सोने को गलाकर एक लॉकेट बनाया था, जबकि दिलीप कुमार ने चांदी गलाकर दो जोड़ी पायल तैयार की थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक लॉकेट और दो जोड़ी पायल बरामद की है। इसके बाद शक्ति सिंह, विजय सोनी और दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया गया।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
