Skip to main content

Birsa Times

गया में छठ पर चोरों का तांडव, बंद घरों और फ्लैटों को बनाया निशाना; 30 लाख के जेवरात समेत लाखों का सामान चोरी

गया में छठ पर चोरों का तांडव, बंद घरों और फ्लैटों को बनाया निशाना; 30 लाख के जेवरात समेत लाखों का सामान चोरी


गयाजी।
लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियों के बीच चोरों ने गया जिले के अलीपुर और टिकारी थाना क्षेत्रों में जमकर उत्पात मचाया। छठ पूजा मनाने के लिए घरों में ताला लगाकर गांव या दूसरे आवास पर गए परिवारों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। अलीपुर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में पैक्स अध्यक्ष शशि कुमार के बंद घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लिए गए। वहीं, टिकारी थाना क्षेत्र के नंदन बिगहा मोहल्ले में चोरों ने एक साथ तीन अलग-अलग फ्लैटों को निशाना बनाया। कोंच बाजार में भी एक बंद दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

अलीपुर में पैक्स अध्यक्ष के घर से 30 लाख के जेवरात गायब

चोरी की बड़ी वारदात अलीपुर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में हुई। गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष शशि कुमार छठ पूजा मनाने के लिए अपने परिवार के साथ टिकारी स्थित आवास पर गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गोदरेज और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

चोरों ने वारदात के दौरान पड़ोस के घरों की छिटकनी भी बाहर से बंद कर दी थी, ताकि किसी को उनकी गतिविधियों की भनक न लगे। परिवार जब वापस लौटा तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। गोदरेज और बक्से टूटे हुए थे। चोरों ने चोरी के बाद बक्से को गांव के पश्चिम दिशा में नाले के पास खेत में फेंक दिया था। पीड़ित पैक्स अध्यक्ष के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 30 लाख रुपये है।

डॉग स्क्वायड भी नहीं खोज सका चोरों का सुराग

घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन चोरों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पर्व के दौरान जब बड़ी संख्या में परिवार घरों से बाहर थे, तब पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था को और सक्रिय रहना चाहिए था।

नंदन बिगहा में तीन फ्लैटों में चोरी

चोरी की दूसरी घटना टिकारी थाना क्षेत्र के नंदन बिगहा मोहल्ले में सामने आई। यहां चोरों ने एक साथ तीन अलग-अलग फ्लैटों को निशाना बनाया। कोंच थाना क्षेत्र के अमरा खैरा निवासी संजय कुमार के अनुसार, छठ पूजा के अवसर पर उनका पूरा परिवार गांव गया हुआ था। सोमवार की सुबह उन्हें फ्लैट में चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

कोंच बाजार की बंद दुकान में भी चोरों का धावा

इधर, कोंच बाजार में भी चोरों ने एक बंद दुकान को निशाना बनाया। छठ पर्व के दौरान बाजार की दुकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इससे व्यापारियों में भी भय और असुरक्षा का माहौल है।

पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल

छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान एक साथ बंद घरों, फ्लैटों और दुकानों में चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब पर्व के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर थे, तब पुलिस की रात्रि गश्ती कितनी सक्रिय थी?

पीड़ित परिवारों ने पुलिस प्रशासन से घटनाओं का जल्द उद्भेदन करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस इन घटनाओं में शामिल चोरों तक कब पहुंच पाती है।

गयाजी से अमरेंद्र कुमार, ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *