Skip to main content

Birsa Times

बांका में गोतिया विवाद में कुल्हाड़ी से हमला, युवक का सिर फटा; 30 हजार रुपये छीनने का आरोप

बांका में गोतिया विवाद में कुल्हाड़ी से हमला, युवक का सिर फटा; 30 हजार रुपये छीनने का आरोप

बांका कटोरिया संवाददाता श्रीकान्त यादव की रिपोर्ट

बांका। जयपुर थाना क्षेत्र के कोल्हासार गांव में पैतृक जमीन पर निर्माण कार्य का विरोध करने पर मारपीट और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित लक्ष्मी प्रसाद यादव ने अपने ही गोतिया के पांच लोगों पर गाली-गलौज करने, जानलेवा हमला करने और दुकान की बिक्री के 30 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जयपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पैतृक जमीन पर निर्माण का विरोध करने पर मारपीट

पीड़ित के अनुसार, घटना बीती रात करीब सात बजे की है। वह अपनी छड़ और सीमेंट की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि उनके गोतिया के लोग रात में पैतृक जमीन पर जबरन घर का निर्माण करा रहे हैं। इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार

लक्ष्मी प्रसाद यादव का आरोप है कि रिंकू यादव ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। वहीं, सुमन यादव पर ईंट से हमला कर दाहिने गाल के नीचे चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

30 हजार रुपये छीनने का भी आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके हाथ में मौजूद थैले में रखे दुकान की दिनभर की बिक्री के करीब 30 हजार रुपये भी छीन लिए गए। उन्होंने इस मामले में रिंकू यादव, सिरोमनी यादव, सुमन यादव, अनिल यादव और मीना देवी को आरोपी बनाया है।

अस्पताल में हुआ इलाज, पुलिस को दिया आवेदन

पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद वह रात करीब आठ बजे जयपुर थाना पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए कटोरिया रेफरल अस्पताल भेजा, जहां उनके सिर में टांके लगाए गए और दवा दी गई। इसके बाद उन्होंने थाने में आवेदन देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *