संतोष कुमार दास
चतरा। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भरही-रबदा बॉर्डर स्थित लाली माटी जंगल में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर महिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद आसपास के गांवों में भय और दहशत का माहौल है।
मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने देखा शव
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल के अंदर पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। शव की हालत बेहद खराब थी। महिला का शरीर सड़-गल चुका था और करीब 30 से 50 प्रतिशत तक जला हुआ प्रतीत हो रहा था। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से ग्रामीण घटनास्थल पर जुटने लगे।
घटनास्थल पर आग के स्पष्ट निशान नहीं
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर महिला का शव मिला, उसके आसपास आग लगने या किसी वस्तु को जलाए जाने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद महिला का शरीर काफी हद तक जला हुआ है। इस आधार पर ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को जंगल में लाकर फेंका गया होगा। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पहचान का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस महिला की पहचान करने के साथ-साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव कितने दिनों से जंगल में पड़ा था और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

