Skip to main content

Birsa Times

प्रेम विवाह के आठ महीने बाद 18 वर्षीय अंजनी की मौत, परिवार में पसरा मातम

प्रेम विवाह के आठ महीने बाद 18 वर्षीय अंजनी की मौत, परिवार में पसरा मातम

रंजीत विद्यार्थी

मुंगेर। जिस उम्र में एक युवती अपनी नई जिंदगी के सपने संजोती है, उसी उम्र में 18 वर्षीय अंजनी कुमारी की जिंदगी का दुखद अंत हो गया। प्रेम विवाह के महज आठ महीने बाद सोमवार देर रात मुंगेर सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि शादी के करीब दो महीने बाद पारिवारिक विवाद के बीच उसने एसिड पीकर जान देने की कोशिश की थी। उस समय इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी, लेकिन उसकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई। इस मामले में दहेज प्रताड़ना का केस भी पहले से दर्ज था।

पांच मार्च को किया था प्रेम विवाह

मामला हेमजापुर थाना क्षेत्र के चांद टोला की रहने वाली अंजनी कुमारी से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, अंजनी ने पांच मार्च 2026 को लखीसराय जिले के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के बंशीपुर निवासी भारत यादव से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया था। शादी के बाद भारत करीब एक महीने तक अंजनी के साथ हेमजापुर में रहा। इसके बाद वह उसे अपने गांव बंशीपुर ले गया, लेकिन वहां परिजनों ने अंजनी को स्वीकार नहीं किया।

शादी के दो महीने बाद शुरू हुआ विवाद

बताया जाता है कि ससुराल में स्वीकार नहीं किए जाने के कारण भारत करीब पांच दिनों बाद ही अंजनी को वापस हेमजापुर ले आया। कुछ समय बाद वह रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेश चला गया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर होने वाली बातचीत में भी विवाद और तकरार बढ़ने लगी। इसी दौरान शादी के करीब दो महीने बाद अंजनी ने घर में रखा एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, लेकिन इसके बाद से उसकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी।

कई अस्पतालों में चला इलाज, सदर अस्पताल में तोड़ा दम

अंजनी की हालत बिगड़ने पर मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने मुंगेर से लेकर भागलपुर तक विभिन्न अस्पतालों में उसका इलाज कराया। पिछले कई दिनों से वह मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती थी। यहां सोमवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता ने जिस बेटी को बड़े अरमानों के साथ विदा किया था, उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दहेज प्रताड़ना का मामला पहले से दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर हेमजापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार के अनुसार, अंजनी के परिजनों ने पहले ही दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच अंजनी की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

अंजनी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रेम विवाह के बाद शुरू हुए विवाद, एसिड पीने की घटना और दहेज प्रताड़ना के दर्ज मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *