पंकज नाथ, असम, आदिवासी एक्सप्रेस
असम। क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लेखापानी बटालियन, असम राइफल्स ने शनिवार को वार-1 के सामान्य क्षेत्र से एनएससीएन (आईएम) से जुड़े दो ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया।विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर एनएससीएन (आईएम) के एसएस मेजर वांगजेन पांथा से जुड़े ओजीडब्ल्यू की गतिविधियों तथा स्थानीय युवाओं को संगठन में भर्ती करने में उनकी कथित भूमिका की जानकारी मिली थी। इनपुट के आधार पर लेखापानी बटालियन ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान केखो नामेत और युमसेन मन्नोव के रूप में हुई है। दोनों अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले के लाजू गांव के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के एसएस मेजर वांगजेन पांथा, एनएससीएन (आईएम) के साथ संपर्क तथा कैडरों की भर्ती, रसद सहायता, आवाजाही एवं संचार में सहयोग करने की जानकारी सामने आई। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि वे हथियार के साथ एनएससीएन (के-वाईए) के एक कैडर को उनके कैंप तक पहुंचाने की योजना में शामिल थे। दोनों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क के भर्ती तंत्र, लॉजिस्टिक सपोर्ट एवं कैडरों की आवाजाही के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए लेखापानी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।
असम राइफल्स की बड़ी कार्रवाई, एनएससीएन (आईएम) से जुड़े दो ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार
