-घटना शामपुर थाना क्षेत्र क्षेत्र के गोबड्डा मांझी टोला का
-पारिवारिक विवाद में घटना को दिया गया अंजाम
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
मुंगेर: जिलें के शामपुर थाना क्षेत्र के गोबड्डा मांझी टोला में पारिवारिक विवाद में पिता ने अपने पुत्र को कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुत्र की हत्या के बाद पिता फरार हो गया। जबकि शामपुर पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंच कर हत्या से जुड़े मामले को छानबीन के साथ मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गोबड्डा मांझी टोला निवासी तिलो मांझी की अपने मंझला पुत्र 35 वर्षीय चंद्रशेखर मांझी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद बात इतनी बढ़ गई कि पिता तिलो मांझी ने अपने पुत्र चंद्रशेखर की सोए अवस्था में कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गया। पिता के द्वारा पुत्र चंद्रशेखर की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पिता के द्वारा पुत्र की हत्या किए जाने की खबर फैलते ही आस पड़ोस और ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसकी सूचना शामपुर थाना पुलिस को दी गई। जिसके बाद शामपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर हत्या से जुड़े मामले की जानकारी परिजन और आसपास के लोगों से ली और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया। मृतक तीन भाई में मंझला भाई था। उसे एक पुत्र और एक पुत्री है और धपरी स्थित एक ढाबा में पहले काम करता था। इधर, शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पिता के द्वारा पारिवारिक विवाद में पुत्र चंद्रशेखर की हत्या कुल्हाड़ी मारकर की गई है। हत्यारा पिता फरार हो गया है। हत्या से जुड़े तमाम बिंदुओं की पड़ताल और जानकारी ली जा रही है। हत्यारे पिता की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। मृतक के परिजनों की ओर से अबतक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गोबड्डा मांझी टोला में मृतक की पत्नी और दोनों बच्चे

मृतक चंद्रशेखर का फाइल फोटो
