गोमो। ऑपरेशन सतर्क के तहत रेसुब पोस्ट गोमो की टीम ने गोमो रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 55 बोतल किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियर बीयर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 2 और 3 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 11:55 बजे रेसुब गोमो की टीम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 13329 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस के सामान्य कोच में शौचालय के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में एक काले रंग के पिट्ठू बैग और एक प्लास्टिक के थैले के साथ बैठे मिले।
पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं देने पर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें RPF जवानों ने घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान दीपक कुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी कैलुचक तारेगना, मसौढ़ी, पटना और सोनू कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी श्रीनगर तारेगना, मसौढ़ी, पटना के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 55 बोतल किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियर बीयर बरामद की गई। प्रत्येक बोतल 500 मिलीलीटर की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 27.50 लीटर और अनुमानित कीमत 7,150 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे शराब को बाजार से खरीदकर ट्रेन के माध्यम से पटना ले जा रहे थे, जहां उसे अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना थी। RPF की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
