दर्जनों लोगों पर जबरन घर में घुसने और सामान लूटने का आरोप, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
-जांच करने पहुंचे सदर इंस्पेक्टर की सरकारी गाड़ी से गायब मिली आगे की नंबर प्लेट, मौके पर उठे सवाल
देवघर: मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाराकोला गांव में शुक्रवार को दर्जनों लोगों द्वारा एक घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने घर के केयरटेकर के साथ मारपीट की और वहां रखे सामान लूटकर फरार हो गए। मामले में नौ नामजद समेत पांच से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी।
घर में सफाई के दौरान किया हमला
बाराकोला गांव निवासी लखन मंडल ने खुद को केयरटेकर बताते हुए मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, 13 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे गृहस्वामी दिलीप मोदी के घर में दो मजदूरों की मदद से साफ-सफाई का काम कराया जा रहा था।
इसी दौरान धनंजय मंडल, विनोद मंडल, विनोद मोहली, शक्ति मोहली, फूलन देवी समेत नौ नामजद और पांच-छह अज्ञात लोग घर के मुख्य द्वार पर पहुंचे और पत्थर फेंकने लगे। आरोप है कि लखन मंडल के दरवाजा खोलते ही सभी लोग गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने घर में रखे सामानों की लूटपाट की और मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है। पुलिस ने लूटपाट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पहुंचे सदर इंस्पेक्टर, CCTV फुटेज खंगाले
मामले की जांच के लिए शनिवार को सदर इंस्पेक्टर के.एन. सिंह और मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए।
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले के विभिन्न पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।
जांच करने पहुंचे इंस्पेक्टर की गाड़ी से गायब मिली आगे की नंबर प्लेट
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान सदर इंस्पेक्टर के.एन. सिंह की सरकारी गाड़ी भी चर्चा का विषय बन गई। पुलिस वाहन के अगले हिस्से में नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। इसे लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच सवाल उठने लगे।
इस संबंध में पूछे जाने पर इंस्पेक्टर के.एन. सिंह ने बताया कि गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट लगी हुई है, जबकि आगे नंबर प्लेट नहीं है। पुलिस वाहन के अगले हिस्से में नंबर प्लेट नहीं होने का मामला मौके पर चर्चा का विषय बना रहा।
