गोमो। धनबाद रेल मंडल के गोमो RPF पोस्ट की टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रेन से अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को निरीक्षक प्रभारी विमल कुमार के नेतृत्व में ओवर निरीक्षक मोहम्मद शाकिब आलम तथा RPF टीम ने गोमो स्टेशन से रात 12 बजकर 05 मिनट पर खुली 13329 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान गोमो और पारसनाथ स्टेशन के बीच S-03 कोच में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। उसके पास एक पिट्ठू बैग और एक प्लास्टिक का थैला था।
RPF टीम ने जब दोनों सामानों की जांच की, तो उसमें कुल 16 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व B7 अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 11.28 लीटर बताई गई है।
मामले में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 51 वर्षीय शिव कुमार प्रसाद, पिता स्वर्गीय अम्बिका प्रसाद, निवासी खुशरोपुर, थाना खुशरोपुर, जिला पटना, बिहार के रूप में हुई है। RPF ने शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
