-एसपी से कार्रवाई की गुहार, दो सूअरों की मौत का दावा
पांडू,पलामू। थाना क्षेत्र के पांडू गांव निवासी 72 वर्षीय उमेश प्रसाद कश्यप ने तीन लोगों पर पशुपालन शेड में ताला लगाकर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने,मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पलामू एसपी को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने तथा शेड का ताला खुलवाने की मांग की है। आवेदन के अनुसार,उमेश कश्यप ने वर्ष 2016 में झरना कलां गांव के स्व. योगेंद्र सिंह से पुल के समीप करीब एक कट्ठा जमीन खरीदी थी। इसी जमीन पर पशुपालन विभाग की योजना से शेड बनाकर करीब 80 झारसोख नस्ल के सूअर पाल रहे हैं। आरोप है कि 4 सितंबर को विपीन सिंह,सुबीन सिंह और बिन्दा सिंह ने शेड में ताला लगा दिया और ताला खोलने के बदले पांच लाख रुपये तथा प्रत्येक सूअर की बिक्री पर एक हजार रुपये की मांग की। विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। उमेश के अनुसार शेड में बंद सूअरों की कीमत करीब छह लाख रुपये है और ताला बंद रहने से अब तक दो सूअरों की मौत हो चुकी है।
पहले भी जंगल ले जाने का आरोप
उमेश ने 26 अगस्त की रात तीनों पर उन्हें जबरन जंगल ले जाने और जेब से करीब 25 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। वहीं,झरना कलां मुखिया ने बताया कि जमीन 10 वर्ष के एग्रीमेंट पर दी गई थी,जिसकी अवधि पूरी हो चुकी है। जमीन मालिक के हिस्सेदार अब सूअर फार्म हटाने की मांग कर रहे हैं। मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
