Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुंशी अपहरण- हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 4 गिरफ्तार

गिरिडीह पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुंशी अपहरण- हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 4 गिरफ्तार

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस की बड़ी कामयाबी। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में बीते रविवार को हुए अपहरण कर हत्या की घटना को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एसआईटी की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं गिरफ्तार आरोपियों द्वारा अपहृत मुंशी मंजेश कुमार की हत्या कर दी गई थी। बता दे कि बीते 06 सितंबर को तिसरी थाना अंतर्गत ग्राम खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ के पास एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42) को अपराधियों ने अपहृत कर लिया था। इस संबंध में मंजेश के भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खोरीमहुआ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने महज 48 घंटे के भीतर घटना का उद्भेदन करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर अपहृत मंजेश कुमार का शव तिसरी थाना के सीमावर्ती थाना चिहरा, जमुई (बिहार) स्थित पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक शव पर मारपीट के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट होता है कि अपहरण के बाद बेरहमी से पीटकर हत्या की गई थी। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह घटना कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच आपसी विवाद के कारण हुई। दोनों के बीच काम में दखल देने और डीजल व अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था। इस घटना को प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी, पिंटू कुमार यादव तथा अन्य सहयोगियों ने मिलकर अंजाम दिया। मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों में इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिंटू कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, हत्या में प्रयुक्त पत्थर एवं सखुआ का डंडा, और तीन मोबाइल बरामद किए हैं। एसआईटी टीम में एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में तिसरी, घोडथम्भा ओपी, राजधनवार, गांवा, देवरी थाना की पुलिस बल के साथ तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *