-भैसूर सहित पांच के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
-मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस कर रही जांच
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
रंजीत कुमार विद्यार्थी
ब्यूरो चीफ,मुंगेर: जिलें के नयारामनगर थाना क्षेत्र के कंतपुर गांव में बुधवार की अहले सुबह पंखे से लटका महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कंतपुर गांव निवासी रेलकर्मी अमित पंडित की पत्नी स्वर्णलता कुमारी (36) के रूप में हुई हैं . घटना की सूचना मिलते ही नयारामनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की गंभीरता पूर्वक जांच पड़ताल करने के उपरांत थानाध्यक्ष ने फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम के द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए जाने के बाद
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव को मायके वालों को सौंप दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद मृतका के पति रेलकर्मी अमित पंडित को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका स्वर्णलता की मां उषा देवी के आवेदन पर पुलिस ने पति, भैसूर,गोतनी, देवर के अलावा एक महिला रेलकर्मी सहित कुल 05 लोगों पर दहेज प्रताड़ना, हत्या तथा अवैध संबंध के मामले को प्राथमिकी दर्ज कर गंभीरता पूर्व जांच पड़ताल कर रही है। मामले में महिला के रेलकर्मी पति अमित पंडित, भैसूर ईश्वर पंडित, देवरा सूरज पंडित, नीरज पंडित तथा बासुदेवपुर थाना क्षेत्र की एक महिला रेलकर्मी को नामजद आरोपी बनाया गया है।
मायके वालों ने लगाया 10 लाख रुपए दहेज मांगने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक स्वर्णलता की शादी वर्ष 2012 में नौवागढ़ी क्षेत्र के कंतपुर निवासी दशरथ पंडित के पुत्र अमित पंडित से हुई थी। बताया जाता है कि वर्ष 2013 में जब अमित पंडित की रेलवे में नौकरी के लगी तो, नौकरी के पर 10 लाख रुपए दहेज की मांग करने लगे थे। जब दहेज और अवैध संबंध का विरोध स्वर्णलता करती थी ,तो उसके साथ सभी मिलकर अक्सर मारपीट तथा दहेज को लेकर पताङित किया करते थे। बताया जाता है इसी बीच स्वर्णलता के पति अमित पंडित का मधुर संबंध वासुदेवपुर थाना क्षेत्र की एक अन्य महिला रेलकर्मी से बन गया। प्राथमिकी में कहा गया है कि नामजद आरोपियों ने स्वर्णलता की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया। विदित हो कि 07 वर्ष पूर्व वर्ष 2018 में पति-पत्नी का विवाद नयारामनगर थाना पहुंचा था। उसे वक्त अमित पंडित ने थाना में बैंड भरा था कि वह अपनी पत्नी के साथ अब कभी मारपीट नहीं करेगा और ना ही प्रताड़ित करेगा। पति-पत्नी के विवाद को लेकर उसे वक्त नयारामनगर थाना में 11 जनवरी 2018 को सनहा संख्या 277/2018 अंकित किया गया था। थाना में बांड भरने के 07 साल बाद स्वर्णलता के साथ ऐसी घटना घट गई कि उसकी जीवन लीला ही समाप्त हो गई।
मायके वालों ने उठाए सवाल
स्वर्णलता के मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है. मृतका के भाई रवि कुमार तथा आईटीसी कुर्मी विकास कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया गया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि स्वर्णलता के शरीर पर जमीन से सटा होने के निशान मिले हैं. इसी आधार पर उन्होंने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है.
मायके पक्ष का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकती है.
उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. स्थानीय ग्रामीणों की माने तो स्वर्णलता और उसके पति अमित पंडित के बीच अक्सर विवाद होता था. इसी पारिवारिक कलह के बीच बुधवार को हुई घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. वहीं स्वर्णलता के दो मासूम बच्चे 13 वर्षीय पुत्री तथा 08 वर्ष के पुत्र मां की ममता से महरूम हो गये. बच्चों की स्थिति देखकर आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो गयीं. मृतका के पति को पुलिस हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर रही है. थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, परिजनों के बयान और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

