-14 दिनों से लापता है 17 वर्षीय युवक सुजल
-रक्षाबंधन पर बहन की सीएम और एसपी से मार्मिक गुहार
-धटना कोतवाली थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी मोहल्ले का
रंजीत विद्यार्थी
ब्यूरो चीफ, मुंगेर : बिहार के राजनीतिक हवा के रुख को बदल देने वाला पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का मार्मिक एवं ओजस्वी भाषण का वह क्षण लोगों के जेहन में आज बर्बश याद आ गया, जब पीएम ने दोनों बांह हवा में फैला कर कहा था “कहाँ है मेरा किसलय , मेरा किसलय को लौटा दो” यह भाषण बिहार में बढ़ते अपराध पर तंज था। मंगलवार को दर्जनों की संख्या में परिजन एवं मुहल्ले के लोग पुलिस कप्तान के कार्यालय अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। जिसमें दो बहनों के इकलौता भाई सुजल 14 दिनों से घर से लापता हैं। एसपी साहब मेरे एकलौते भाई सुजल को सकुशल लौटा दिजिए…! कह कर वो अपनी बांह फैला कर मानों गुहार लगा रही थी। अबकी रक्षा बंधन पर अपने भाई को बीच नहीं पाकर राखी बांधने का मलाल सता रही हैं। मामला सीएम सम्राट चौधरी के गृह जिला मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के छोटी केलाबाड़ी मुहल्ले की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 14 दिनों से लापता 17 वर्षीय युवक सुजल कुमार , विगत 13 अगस्त की रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद घर वापस अब तक नहीं लौटने से परिजन खासे बेचैन व परेशान हैं। युवक के पिता सुनील कुमार ने बताया कि कोतवाली थाना से लेकर जिले के वरीय अधिकारियों तक आवेदन दिया गया हैं। लेकिन, अब तक बेटे का कोई सुराग नहीं मिला हैं। अधिकारियों के दफ्तर दौड़ते भागते थक सा गया हूं। किंतु कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। यह आलम है बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह जिला मुंगेर के पुलिस प्रशासन का ? जो लापता युवक का बहन के दर्द को भी सुनने और समझने को तैयार नहीं है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता मुरारी प्रसाद ने घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन की सरकार का दंभ भरने वाली थाना को आवेदन देने के बावजूद पुलिस खोज-बीन करने को तैयार नहीं दिख रहा हैं और संवेदन शून्य बना हुआ है। इधर, 28 अगस्त दिन (शुक्रवार) को भाई-बहन का अटूट प्रेम का त्यौहार रक्षाबंधन को लेकर बहन टिकटिकी निगाहों से भाई के लौटने की उम्मीद की आस लगाए बैठी है। मां की आंखें बेटे की राह निहार रही हैं। अब देखना है कि जिलें के तेजतर्रार पुलिस कप्तान इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए लापता युवक को खोजने में क्या भूमिका निभाते हैं। लापता युवक के पिता का कहना है कि पुलिस गंभीरता पूर्वक एवं तत्परता के साथ आसपास का सीसीटीवी फुटेज एवं मोबाइल लोकेशन की जांच करें तो लापता सुजल का सुराग मिल सकता है। विदित हो कि युवक का एक लड़की से प्रेम प्रसंग में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की चर्चा सरेआम हैं। वही, सुजल ने अपना मोबाइल एक दोस्त के जरिये मोटरसाइकिल से श्रीकृष्ण सेतु तक पहुंचाया था। इसके बाद से सुजल का कोई सुराग नहीं मिल सका है। युवक का इस कदर लापता होना, पुलिस महकमा के लिए नया सरदर्द बन गया है, क्योंकि जिस कदर ग्रामीणों की भीड़ एसपी कार्यालय तक चलकर पहुंची और निराशा हाथ लगी और लोग बैरंग लौट गए, इससे जाहिर होता है कि लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर युवक के लापता हुए दो हफ्ते बीत जाने को लेकर बहन के साथ-साथ परिजनों को अनहोनी का भय सताने लगा है। इधर, इस संबंध में पुलिस कप्तान से संपर्क साधने का प्रयास किया गया, जो कि सफल नहीं हो पाया।
एसपी साहब ! कहाँ है मेरा भाई सुजल, प्लीज मेरे भाई को लौटा दिजिए…!
