Skip to main content

Birsa Times

मॉर्निंग वॉक पर निकले आर्मी जवान धनंजय का पेड़ से लटका मिला शव, गांव में पसरा मातम

मॉर्निंग वॉक पर निकले आर्मी जवान धनंजय का पेड़ से लटका मिला शव, गांव में पसरा मातम

-कोलकाता ड्यूटी पर लौटने से पहले हुई दर्दनाक घटना; पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, रामगढ़ से पहुंची विशेष टीम ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
आदिवासी एक्सप्रेस
कटकमसांडी (हजारीबाग)
कटकमसांडी प्रखंड के कंचनपुर गांव निवासी आर्मी जवान धनंजय कुमार देव (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कोलकाता में ड्यूटी पर तैनात धनंजय करीब एक महीने की छुट्टी बिताने के बाद वापस अपनी ड्यूटी पर लौटने वाले थे। इसी बीच वह रोज की तरह सुबह करीब 4:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे।

परिजनों के अनुसार, धनंजय प्रतिदिन सुबह टहलने के लिए निकलते थे और सामान्यतः 7 से 8 बजे के बीच घर वापस आ जाते थे। परिवार के लोग उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे, तभी एक ऐसी खबर आई जिसने पूरे परिवार और गांव को झकझोर कर रख दिया। छड़वा डैम स्थित काली मंदिर के पीछे, डैम किनारे धनंजय का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की सूचना पेलावल ओपी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शव गांव पहुंचते ही हर आंख हुई नम
धनंजय का शव गांव पहुंचते ही कंचनपुर में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने गांव के जवान को अंतिम विदाई दी।
घटना को लेकर लोगों के मन में कई सवाल भी उठ रहे हैं। धनंजय की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
धनंजय कुमार देव के अंतिम संस्कार के अवसर पर रामगढ़ छावनी से विशेष टीम उनके पैतृक गांव पूर्णाडीह पहुंची। सूबेदार अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दिवंगत जवान को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। इसके बाद पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। गार्ड ऑफ ऑनर और अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। देश की सेवा में तैनात रहे जवान को अंतिम विदाई देते समय ग्रामीणों और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दिवंगत धनंजय कुमार देव को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि एवं अंतिम संस्कार के अवसर पर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा, वरिष्ठ सलाहकार शिव शंकर कुमार यादव, सदस्य शशि शर्मा एवं पी.के. पांडे उपस्थित रहे।

वहीं स्थानीय स्तर पर मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा, उप मुखिया प्रकाश कुशवाहा, समाजसेवी कृष्ण कुमार यादव, पूर्व मुखिया सुनील कुशवाहा, नारायण साव, मनीष ठाकुर, वीरेंद्र कुमार वीरू, बैजनाथ वर्मा, नारायण महतो एवं देवनारायण महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। रामगढ़ छावनी से सूबेदार अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची विशेष टीम ने सैनिक परंपरा के अनुरूप गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत जवान को अंतिम सम्मान प्रदान किया। देश की सेवा में समर्पित जवान धनंजय कुमार देव की असमय मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे उनकी मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *