संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित मगध कोलियरी के चमातू साइडिंग में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने 22 नंबर कांटा घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलीबारी की घटना में कांटा घर में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर शेरेगडा गांव निवासी अरुण उरांव के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद साइडिंग में अफरा तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार करीब चार अज्ञात वर्दीधारी अपराधी 22 नंबर कांटा घर पहुंचे और वहां पहुंचते ही करीब सात से आठ राउंड फायरिंग की। इसी दौरान अरुण उरांव गोली की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल अरुण उरांव को ग्रामीणों के सहयोग से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। पैर में गोली लगने के कारण उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।
घटनास्थल से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुलिस टीम के साथ चमातू साइडिंग पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को मौके से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामद साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है।
पर्चा छोड़कर राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी
फायरिंग के बाद अपराधियों द्वारा घटनास्थल पर एक धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा गया है। पर्चे में राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पर्चे में भीपीआर कंपनी के सत्य रेड्डी उर्फ प्रभाकर रेड्डी को धमकी दी गई है। इसमें बिना मैनेज किए काम करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। साथ ही लिखा गया है कि गोली किसी कर्मचारी या ऑपरेटर को देखकर नहीं चलेगी। धमकी भरे पर्चे के सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच लेवी विवाद समेत विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। हालांकि गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या है,इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
अपराधियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटनास्थल से बरामद खोखे,जिंदा कारतूस और धमकी भरे पर्चे को पुलिस महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर जांच कर रही है। वहीं घायल कंप्यूटर ऑपरेटर के बयान के आधार पर भी पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।गोलीबारी की इस घटना के बाद मगध कोलियरी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
